शाला प्रवेशोत्सव में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का हंगामा, शिक्षकों से हाथापाई; दो
रायपुर। राजधानी के रायपुरा स्थित गिरजाशंकर स्कूल में शुक्रवार को आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑडिटोरियम उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में हंगामा कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और शिक्षकों के बीच विवाद बढ़ गया, जो हाथापाई तक पहुंच गया। घटना में दो शिक्षक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल के ऑडिटोरियम का उपयोग करने की मांग को लेकर परिसर में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर कुछ कार्यकर्ता जबरन परिसर में घुस गए और शिक्षकों के साथ धक्का-मुक्की एवं हाथापाई करने लगे। घटना से स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक राजेश मूणत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
घटना की शिकायत मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में नाराजगी है तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

