जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर 77 बच्चे, बरामदे में लग रही कक्षा
डौंडी लोहारा। विकासखंड डौंडी लोहारा के ग्राम अंडी स्थित प्राथमिक शाला जर्जर भवन और जगह की कमी के कारण गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रही है। भवन की खराब स्थिति के चलते स्कूल में पढ़ने वाले 77 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

स्कूल में पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण बालवाड़ी, पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। वहीं चौथी कक्षा की पढ़ाई बरामदे में संचालित हो रही है। बरसात और गर्मी के मौसम में यह व्यवस्था विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
ग्रामीणों और शिक्षकों का कहना है कि जर्जर भवन और कक्षों की कमी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने शासन और शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द नए स्कूल भवन का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी भी समय जर्जर भवन बड़ा हादसा बन सकता है।
