43 शिक्षकों से 10–12 करोड़ की ठगी, मल्टीपल बैंक लोन गैंग के 5 आरोपी
कोंडागांव। कोंडागांव जिले की फरसगांव और केशकाल थाना पुलिस ने मल्टीपल बैंक लोन दिलाने के नाम पर शिक्षकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अंबिकापुर, जशपुर और सारंगढ़ से पकड़ा गया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 43 शिक्षकों को एक साथ कई बैंकों से पर्सनल लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर करीब 10 से 12 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपी लोन स्वीकृत होने के बाद कुल राशि का लगभग 40 प्रतिशत पीड़ितों को देते थे, जबकि शेष 60 प्रतिशत अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। इसके बाद दो से तीन वर्षों तक ईएमआई जमा करने का भरोसा देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने करीब तीन माह तक तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की। जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड तैयार कर विभिन्न बैंकों से ऋण स्वीकृत कराने का भी खुलासा हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ-साथ इस पूरे फर्जीवाड़े में किसी बैंक कर्मचारी की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
