महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी है। योजना के तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं और बहनों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 626 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।

29वीं किस्त जारी होने पर प्रदेश की सभी हितग्राही महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में कुल 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।
सरकार के अनुसार, योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं परिवार के दैनिक खर्च, बच्चों की शिक्षा, बचत, सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश तथा अन्य आवश्यक कार्यों में कर रही हैं। इससे न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण भी लगातार सुदृढ़ हो रहा है।
राज्य सरकार ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ प्रदेश की लाखों महिलाएं नियमित रूप से प्राप्त कर रही हैं।
