FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

दिवंगत आरक्षक की पत्नी को मिला 1.08 करोड़ का बीमा चेक

रायपुर। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार के परिवार को राज्य सरकार और बैंकिंग बीमा योजना के माध्यम से बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में दिवंगत आरक्षक की पत्नी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा। यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत प्रदान की गई है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस बल के जवान कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उनके परिवारों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को परिवार को प्राप्त बीमा राशि के सुरक्षित निवेश और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए।

12 साल से अधिक समय तक दी पुलिस सेवा

दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी में पदस्थ थे। उनकी तैनाती कबीरधाम जिले के कैंप घाघरा में थी। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।

बेटे को मिल चुकी है अनुकंपा नियुक्ति

दिवंगत आरक्षक के परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति पहले ही प्रदान की जा चुकी है। अब बैंक ऑफ बड़ौदा की बीमा योजना के तहत 1.08 करोड़ रुपये की राशि मिलने से परिवार को आर्थिक संबल मिला है।

शेष सहायता जल्द दिलाने के निर्देश

चेक सौंपने के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को परिवार को मिलने वाली शेष शासकीय सहायता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिवंगत जवान के परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही बैंक अधिकारियों से परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए बीमा राशि के उचित निवेश और वित्तीय प्रबंधन में सहयोग करने को कहा।

इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों और संबंधित विभाग के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बीमा राशि का चेक सौंपा गया। सरकार की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया गया।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube