FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

महिला शौचालय तोड़े जाने के विरोध में छात्रों का हंगामा, स्कूल में तालाबंदी कर

पारागांव। ग्राम पंचायत पारागांव में सरकारी मिडिल स्कूल परिसर में महिला शौचालय तोड़े जाने और उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को स्कूल में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कक्षा 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर जमकर नारेबाजी की और निर्माण कार्य को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, छात्राओं और महिला शिक्षकों के लिए बनाए गए महिला शौचालय को तोड़े जाने से विशेष रूप से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों ने मांग की है कि स्कूल परिसर में चल रहा उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए और तोड़े गए शौचालय का पुनर्निर्माण कराया जाए।

शौचालय तोड़ने से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत पारागांव द्वारा सरकारी मिडिल स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के लिए छात्राओं और महिला शिक्षकों के उपयोग में आने वाला महिला शौचालय तोड़ दिया गया। इसके अलावा स्कूल परिसर में मौजूद बरगद के पेड़ की टहनियां काटे जाने की बात भी सामने आई है।

इस निर्माण को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीण पहले ही संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर स्कूल परिसर में निर्माण कार्य नहीं कराने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद मामला नहीं सुलझने पर अब विद्यार्थियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।

ग्रामीणों ने भी दिया बच्चों का साथ

छात्रों के आंदोलन के बाद ग्रामीण भी उनके समर्थन में सामने आए हैं। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बच्चों के धरने और तालाबंदी के बाद प्रशासन के सामने अब स्कूल परिसर में निर्माण, छात्राओं की सुविधा और उप स्वास्थ्य केंद्र के स्थान को लेकर उठे विवाद का समाधान करने की चुनौती बढ़ गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube