नियमितीकरण और 10 लाख की मांग पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शक्ति
बलरामपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जुझारू संघ के बैनर तले तीन दिवसीय आंदोलन शुरू किया है। आंदोलन के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं ने काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया और सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।

आंदोलन के तीसरे दिन प्रदर्शनकारियों ने बस स्टैंड से रैली निकाली। रैली के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की बात कही। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
नियमितीकरण, सीधी पदोन्नति और 10 लाख रुपए की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। इनमें नियमितीकरण, सीधी पदोन्नति और सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त 10 लाख रुपए दिए जाने की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। ऐसे में उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा अनिश्चितकालीन
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि तीन दिवसीय आंदोलन के जरिए सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। कार्यकर्ताओं ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
