24 घंटे में 127 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में एक क्विंटल 27 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।

पहली कार्रवाई गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह चौक में की गई। पुलिस ने ऑटो सवार तीन आरोपियों को संदेह के आधार पर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 82 किलो 51 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध में हुई। यहां पुलिस ने 44 किलो 799 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा। दोनों मामलों में पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। लगातार हो रही कार्रवाई से शहर में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की कोशिश तेज कर दी गई है।

