PDS चावल का अवैध भंडारण, 24 क्विंटल जब्त; आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। सरकारी राशन के चावल के अवैध भंडारण और संभावित खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की टीम ने राजीव नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया है। चावल 60 बोरियों में रखा मिला। मामले में खाद्य निरीक्षक की रिपोर्ट और दस्तावेजों के आधार पर वैशाली नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया है।


जानकारी के अनुसार, खाद्य निरीक्षक को राजीव नगर क्षेत्र में शासकीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संबंधित स्थान पर जांच की। मौके पर 60 बोरियों में चावल रखा मिला। जांच के दौरान चावल की मात्रा करीब 24 क्विंटल पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने चावल से संबंधित दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद शासकीय चावल होने की पुष्टि के लिए नागरिक आपूर्ति निगम से भी जानकारी ली गई। निगम की पुष्टि के बाद बरामद चावल को PDS का शासकीय चावल माना गया।
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद दस्तावेजों और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की सूचना वैशाली नगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए 23 वर्षीय सोहन चेलक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शासकीय चावल आरोपी के पास कैसे पहुंचा। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि चावल को अवैध रूप से खरीदा गया था या किसी अन्य माध्यम से यहां लाकर उसका भंडारण किया गया। पुलिस संभावित अवैध खरीद-बिक्री और अदला-बदली के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
सरकारी राशन की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को लेकर खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
