GeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुरराष्ट्रीय

पहले हमला, फिर रहस्यमयी मौत: तेंदुए की लाश मिलने से कई सवाल

धमतरी। जिले के धमतरी विकासखंड के गमीधा गांव में शनिवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक तेंदुआ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस गया। तेंदुए ने घर के अंदर मौजूद दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छत्तीसगढ़ के धमतरी में तेंदुए ने घर में घुसकर किया हमला, दो ग्रामीण घायल, सुबह उसी घर में मिली तेंदुए की लाश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए के घर में घुसते ही अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ दो लोगों को घायल कर चुका था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।

घटना के कुछ समय बाद जब वन विभाग और ग्रामीणों ने घर की तलाशी ली, तो उसी मकान के भीतर तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। तेंदुए की मौत कैसे हुई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वन अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद गमीधा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।

Admin

Reporter