करोड़ों की ठगी का आरोप, आरोपी का सुराग देने पर 2 लाख इनाम
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक पर दर्जनभर से अधिक लोगों से करीब 7 से 8 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। पीड़ितों का आरोप है कि राजेश माली नामक युवक ने दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर लोगों से रकम ली। मामले में पैसों के लेनदेन के साथ मोबाइल फाइनेंस और पर्सनल लोन से जुड़े लेनदेन की भी बात सामने आई है।

https://www.instagram.com/reel/DeGpiOnCfcr/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA=
पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर अलग-अलग लोगों से रकम लेने के बाद अपनी पत्नी पूजा खड़गे के नाम का चेक दिया था। आरोप है कि रकम वापस करने के लिए दिए गए ये चेक अब बाउंस हो चुके हैं। इसके बाद पीड़ितों की ओर से नोटिस भी भेजा गया है।
पीड़ितों का कहना है कि राजेश माली पहले लोगों से दोस्ती करता था और विश्वास में लेने के बाद आर्थिक लेनदेन करता था। बाद में रकम वापस नहीं करने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पीड़ितों का दावा है कि इस कथित ठगी से रायपुर के कई लोग प्रभावित हुए हैं और कुल रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है।
मामला आर्थिक लेनदेन से जुड़ा होने के कारण पीड़ितों ने न्यायालय का रुख किया है। पीड़ितों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को राजेश माली के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना संबंधित पक्ष को दें।
पीड़ितों की ओर से राजेश माली का पता या ठिकाना बताने वाले व्यक्ति को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

