देवेंद्र यादव की AICC सचिव पद से विदाई के बाद कांग्रेस में सियासी हलचल,
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में राष्ट्रीय संगठन के फेरबदल के बाद अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की नई सूची में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।

मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘बाप तो बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है… इति सिद्धम।’ उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जा रहा है। AICC की नई सूची आने के बाद यह टिप्पणी सामने आई, जिसके चलते कांग्रेस के भीतर पुराने राजनीतिक समीकरणों और आपसी दूरियों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
देवेंद्र समर्थकों का दावा, प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा
एक ओर देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाए जाने पर सोशल मीडिया में तंज कसे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके समर्थक इसे प्रदेश की राजनीति में नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना से जोड़ रहे हैं। समर्थकों के बीच उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा भी चल रही है। हालांकि, इस संबंध में कांग्रेस संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाएं फिलहाल अटकलों तक सीमित हैं।
भूपेश बघेल ने टिप्पणी से किया किनारा
मनीष बंछोर की पोस्ट पर राजनीतिक चर्चा बढ़ने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस तरह की टिप्पणियों को संबंधित व्यक्ति का व्यक्तिगत मामला बताया और कहा कि इसका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं देवेंद्र यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया।
राष्ट्रीय फेरबदल के बाद प्रदेश कांग्रेस में चर्चाएं तेज
AICC की नई सूची में देवेंद्र यादव के अलावा भी कई पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस संगठनात्मक फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। फिलहाल एक ओर मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है, तो दूसरी ओर देवेंद्र यादव के समर्थकों की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर किए जा रहे दावे ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी निगाहें कांग्रेस के अगले संगठनात्मक फैसले पर टिकी हैं।
