ब्रिटेन से FTA का छत्तीसगढ़ को फायदा, स्कॉच व्हिस्की की कीमतों में आई बड़ी
रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी दिखाई देने लगा है। इस समझौते के बाद ब्रिटेन से आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर लगने वाले आयात शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। पहले जहां स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगता था, वहीं अब इसे घटाकर 75 प्रतिशत तक कर दिया गया है। आयात शुल्क में कमी का सीधा असर विदेशी शराब की कीमतों पर पड़ने लगा है।

इसका फायदा छत्तीसगढ़ के शराब उपभोक्ताओं को भी मिलने जा रहा है। प्रदेश के आबकारी विभाग ने 33 विदेशी शराब ब्रांडों की संशोधित कीमतों की नई सूची जारी की है। नई दरों के अनुसार कई चर्चित विदेशी शराब ब्रांड पहले की तुलना में सस्ते हुए हैं। इनमें दुनिया के लोकप्रिय स्कॉच ब्रांड जॉनी वॉकर की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
जॉनी वॉकर 18 ईयर के केस पर करीब 5 हजार रुपये की राहत
नई मूल्य सूची में सबसे ज्यादा चर्चा जॉनी वॉकर 18 ईयर की कीमतों को लेकर हो रही है। जानकारी के मुताबिक, इसके एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये की कमी आई है। विदेशी शराब के शौकीनों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है। हालांकि, अलग-अलग ब्रांड और वैरायटी के अनुसार कीमतों में कमी का अंतर अलग-अलग हो सकता है।
33 विदेशी ब्रांडों की नई कीमतें जारी
आबकारी विभाग की ओर से जारी नई सूची में कुल 33 विदेशी शराब ब्रांडों की संशोधित दरें शामिल की गई हैं। आयात शुल्क में कमी के बाद इन ब्रांडों की कीमतों में बदलाव किया गया है। इससे प्रदेश में विदेशी शराब के बाजार पर भी असर पड़ने की संभावना है।
भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के तहत आयात शुल्क में की गई कटौती को विदेशी शराब कारोबार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि नई दरों का लाभ बाजार में भी दिखाई देगा। हालांकि, अलग-अलग दुकानों पर उपलब्धता और बिक्री दरों की जानकारी आबकारी विभाग की जारी सूची के अनुसार ही देखी जा सकेगी।
