हवा में गूंजे सोनू निगम के सुर, इंडिगो फ्लाइट बनी म्यूजिक कॉन्सर्ट
रायपुर। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार को यात्रियों को ऐसा यादगार अनुभव मिला, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। विमान में बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम की मौजूदगी ने सफर को संगीतमय बना दिया। यात्रियों की फरमाइश पर सोनू निगम ने अपने सुपरहिट गाने सुनाए तो विमान के भीतर कुछ देर के लिए म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा माहौल बन गया।

दरअसल, फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों ने जब अपने बीच सोनू निगम को देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सहयात्रियों ने उनसे गाने सुनाने का आग्रह किया। यात्रियों की इस फरमाइश पर सोनू निगम ने भी निराश नहीं किया और अपने गीतों से समां बांध दिया। विमान में मौजूद यात्री इस अप्रत्याशित संगीतमय पल का आनंद लेते नजर आए।
हवाई सफर बना यादगार
आमतौर पर हवाई यात्रा के दौरान यात्री अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार करते हैं, लेकिन इस फ्लाइट में यात्रियों को सफर के दौरान ही मनोरंजन का खास मौका मिल गया। सोनू निगम की सुरीली आवाज ने विमान के माहौल को खुशनुमा बना दिया। यात्रियों के लिए यह सफर किसी लाइव म्यूजिक शो से कम नहीं रहा।
सोनू निगम का यह अंदाज यात्रियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया। रायपुर से मुंबई जा रही इस फ्लाइट का संगीतमय पल अब चर्चा का विषय बन गया है।
