बैंकिंग गड़बड़ी पर ग्राहकों को बड़ी राहत, 30 लाख तक मुआवजे का प्रावधान
रायपुर। बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी, लापरवाही या सेवा में कमी के कारण ग्राहकों को आर्थिक नुकसान होता है तो अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के लोकपाल के माध्यम से 30 लाख रुपए तक मुआवजे का प्रावधान है। इसके अलावा शिकायतकर्ता को समय की बर्बादी, खर्च और मानसिक परेशानी के लिए 3 लाख रुपए तक अतिरिक्त मुआवजा भी मिल सकता है। यह जानकारी रायपुर में आयोजित ग्राहक सेवा एवं शिकायत निराकरण बैठक में RBI लोकपाल मोहन रावत ने दी।

बैठक में बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्याओं, ग्राहकों के अधिकारों और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मोहन रावत ने बताया कि बैंक या अन्य संबंधित वित्तीय संस्थान की ओर से सेवा में कमी के कारण ग्राहक को नुकसान होता है तो वह RBI लोकपाल के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
नई लोकपाल योजना में बढ़ा मुआवजे का प्रावधान
RBI की एकीकृत लोकपाल योजना-2026 एक जुलाई से लागू है। इसके तहत बैंक, पात्र गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों, प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट जारी करने वाली संस्थाओं और क्रेडिट इन्फॉर्मेशन कंपनियों की सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की जा सकती है। योजना के अनुसार, वास्तविक आर्थिक नुकसान के लिए 30 लाख रुपए तक और समय, खर्च व मानसिक परेशानी के लिए अलग से 3 लाख रुपए तक मुआवजा देने का अधिकार लोकपाल को है।
मोहन रावत ने बताया कि ग्राहक पहले संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था के पास अपनी शिकायत दर्ज कराएं। यदि 30 दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलता या मिले जवाब से ग्राहक संतुष्ट नहीं है, तो RBI लोकपाल के समक्ष शिकायत की जा सकती है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल cms.rbi.org.in, ई-मेल crpc@rbi.org.in अथवा डाक के माध्यम से शिकायत भेजने की सुविधा उपलब्ध है। शिकायत दर्ज कराने और उसके निराकरण के लिए कोई शुल्क नहीं देना होता।
ग्राहक शिकायत प्रक्रिया की जानकारी और स्थिति जानने के लिए RBI के टोल फ्री नंबर 14448 पर भी संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में होने वाली परेशानियों के समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम उपलब्ध कराती है।
