FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

रायपुर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार; 7 बुलेट समेत 16 वाहन

रायपुर। राजधानी में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 आरोपी और विधि से संघर्षरत 3 बालक शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 7 बुलेट सहित कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले 3 अन्य वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल 16 वाहनों को अपने कब्जे में लिया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों का खास निशाना बुलेट मोटरसाइकिल होती थी। चोरी के बाद पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपी वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इस तरह गिरोह लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

बिना नंबर प्लेट की बुलेट ने खोला गिरोह का राज

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम वाहन चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी बिना पीछे की नंबर प्लेट वाली बुलेट पर सवार एक युवक पुलिस के संदेह के घेरे में आ गया।

पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की तो उसकी पहचान दीप छाबड़िया के रूप में हुई। युवक से मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उससे जुड़े अन्य साथियों की जानकारी जुटाई और एक-एक कर गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया।

बाइक चोरी करने का तरीका था बेहद शातिर

पूछताछ में गिरोह के वाहन चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। मौका मिलने पर वाहन का लॉक तोड़कर एक सदस्य चोरी की बाइक लेकर आगे निकलता था, जबकि दूसरा सदस्य अपने वाहन से पीछे चलता था और पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी की बाइक को आगे बढ़ाने में मदद करता था।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इतना ही नहीं, वाहनों पर मौजूद पहचान संबंधी निशानों को मिटाने और उनके पार्ट्स बदलने की भी कोशिश की जाती थी, ताकि चोरी के वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाए।

चार थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं चोरी के 13 मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए 13 चोरी के दोपहिया वाहनों के संबंध में रायपुर के चार थाना क्षेत्रों में अपराध दर्ज हैं। इनमें डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 305 के साथ संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 और 3(5) के तहत भी कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस ने इस मामले में दीप छाबड़िया (21 वर्ष), रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), शुभम पटले (22 वर्ष) और कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।

अन्य वारदातों की भी हो रही जांच

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और शहर में हुई वाहन चोरी की दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य इलाकों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया हो सकता है। बरामद वाहनों की पहचान और उनसे जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।

राजधानी में एक साथ 7 बुलेट सहित 16 वाहन बरामद होने को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ है।

Admin

Reporter