पीएम मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े वीडियो मामले में अमित जोगी
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े कथित अमर्यादित वीडियो के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रायपुर पुलिस ने उन्हें एक बार फिर नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है। यह मामला सिविल लाइन थाने में अमित जोगी और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, विवादित वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी सिलसिले में पुलिस अमित जोगी का बयान दर्ज करना चाहती है। इससे पहले जारी नोटिस के जवाब में अमित जोगी ने गुजरात दौरे पर होने का हवाला देते हुए अपनी अनुपस्थिति की जानकारी दी थी।
पुलिस इस मामले में वीडियो से जुड़े तथ्यों, उसकी सोशल मीडिया पर पोस्टिंग और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। भाजपा नेताओं की शिकायत के आधार पर दर्ज प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दरअसल, अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलते-जुलते प्रतीकात्मक पात्रों को दिखाया गया था। वीडियो की प्रस्तुति को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित पोस्ट हटा दी थी और सार्वजनिक रूप से खेद भी जताया था।
अब पुलिस के नए नोटिस के बाद इस मामले में अमित जोगी के बयान और जांच की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
