दो महीने में ग्राहक सेवा केंद्र में दो बार चोरी, 4.41 लाख नकद समेत किराना
सीतापुर/सरगुजा। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र में लगातार चोरी की घटनाओं से संचालक परेशान है। संचालक का आरोप है कि दो महीने के भीतर उसके केंद्र में दो बार चोरी हो चुकी है। दोनों घटनाओं में चोर करीब 4 लाख 41 हजार रुपए नकद और लगभग 10 हजार रुपए का किराना सामान ले गए। मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर संचालक ने अब एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के अनुसार, चोरी की दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई और मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। उसका कहना है कि केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, इसके बावजूद अब तक आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है।
गांव के युवक पर जताया शक
संचालक ने चोरी की घटनाओं में गांव के ही एक युवक और उसके दो साथियों के शामिल होने का शक जताया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जिन लोगों पर संदेह जताया जा रहा है, वे आरोपी नहीं हैं। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

एसएसपी से लगाई गुहार
लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान संचालक ने सरगुजा एसएसपी से मामले की जांच कर चोरी में शामिल आरोपियों को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है। उसने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य जानकारी उपलब्ध कराए जाने की बात कही है।
संचालक का कहना है कि ग्राहक सेवा केंद्र में बड़ी रकम का लेन-देन होता है। ऐसे में बार-बार चोरी की घटनाओं से न केवल उसे आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। अब वह पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है।
