FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

स्मार्ट मीटर के खिलाफ डॉ. महंत का मोर्चा, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने स्मार्ट मीटरों को हटाकर पूर्व में प्रचलित पुराने बिजली मीटर लगाए जाने की मांग की है।

डॉ. महंत ने पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कबीरधाम जिले सहित प्रदेश के नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उपभोक्ताओं की शिकायतों का दिया हवाला

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि प्रदेश के हजारों उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में बढ़ोतरी को लेकर लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। उनके अनुसार, पुराने मीटर की तुलना में नए स्मार्ट मीटरों में बिजली की खपत कई गुना अधिक दर्ज होने की शिकायतें मिल रही हैं।

डॉ. महंत ने इसे स्मार्ट मीटरों की कथित तकनीकी खामी बताते हुए मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिजली बिल का बोझ नहीं पड़ना चाहिए।

पुराने मीटर लगाने की मांग

डॉ. महंत ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जांच कराई जाए और जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पुराने प्रचलित मीटरों को पुनः लगाए जाने पर विचार किया जाए। स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच अब सरकार के रुख पर नजर है।

Admin

Reporter