हसदेव बांगो बांध का जलस्तर 93.65 प्रतिशत पहुंचा, 9 गेट 60 घंटे से खुले
कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता हसदेव बांगो बांध का जलस्तर 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गया है। बांध में पानी की आवक को देखते हुए पिछले करीब 60 घंटों से नौ गेट खुले हुए हैं। इन गेटों से करीब 48,828 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड की रफ्तार से हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
जलस्तर बढ़ने और लगातार पानी छोड़े जाने के मद्देनजर दर्री बांध के भी चार गेट खोल दिए गए हैं। जल संसाधन विभाग की टीम बांध और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें तथा किसी भी तरह की आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। विभाग द्वारा जलस्तर और पानी की आवक की लगातार निगरानी की जा रही है।
