बिस्किट पैकेट, प्याज और साबुन बने नशे की तस्करी का जरिया, जेल प्रशासन
रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों तक गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों का खुलासा हुआ है। पिछले महीने जेल में मुलाकात के दौरान परिजनों ने प्याज, साबुन की टिकिया और सीलबंद बिस्किट के पैकेट के भीतर प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर पहुंचाने का प्रयास किया, जिसे जेल प्रशासन की सतर्कता से पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मुलाकात के दौरान बंदियों को दिए जाने वाले सामान की जांच में कई संदिग्ध वस्तुएं मिलीं। तलाशी लेने पर प्याज के भीतर गांजा, साबुन की टिकिया में नशीली गोलियां और सीलबंद बिस्किट पैकेट में तंबाकू जैसी प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर ले जाने की कोशिश का खुलासा हुआ।
जेल प्रशासन ने सभी मामलों में प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद जेल में सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी प्रक्रिया को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि जेल में नशे और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए आधुनिक जांच व्यवस्था के साथ-साथ प्रत्येक सामान की गहन जांच की जा रही है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और कड़ी की जाएगी।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंदियों तक किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
