FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मराजनीतिरायपुर

नई शराब दुकान के विरोध में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बेमेतरा। जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-14 में प्रस्तावित नई शराब दुकान का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दुकान के प्रस्तावित स्थान के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचे तथा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान की स्थापना पर रोक लगाने की मांग की।

 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रस्तावित स्थल आवासीय एवं संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। उनके अनुसार, दुकान के आसपास नवनिर्मित बालक छात्रावास, विधायक निवास, 33 केवी विद्युत उपकेंद्र और कुमारी देवी कृषि महाविद्यालय मौजूद हैं। इसके अलावा यह मुख्य मार्ग तेंदुभाठा, मोहगांव, देउरगांव, मोहतरा, गड़ाभाठा, अतरझोना और सिंधनपुरी सहित दर्जनों गांवों को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं और आम नागरिक आवागमन करते हैं।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध शराब दुकान खोले जाने से नहीं, बल्कि उसके लिए चुने गए स्थान से है। उनका कहना है कि संवेदनशील और आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होगी, विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ेगा और क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्रस्तावित स्थल का तत्काल निरीक्षण कराने और जांच पूरी होने तक शराब दुकान की स्थापना पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि यदि नई शराब दुकान खोलना आवश्यक हो, तो उसे किसी गैर-आवासीय एवं उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube