Uncategorized

घर न मिलने से रूठे विधायक : सुरक्षा छोड़कर निकले नक्सल बेल्ट के दौरे पर, प्रशासन में हड़कंप

गरियाबंद। प्रशासन से नाराज बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक जनक ध्रुव आज बुधवार को अपनी सुरक्षा व्यवस्था को नहनबीरी मैनपुर निवास में छोड़कर कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क के लिए चले गए। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र धुर नक्सल प्रभावित इलाका है।

बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस MLA जनक ध्रुव ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर जाने से पहले मैनपुर लोक निर्माण विभाग के सामने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव हुए तीन महीने हो चुके हैं। शासन–प्रशासन से देवभोग में आवास उपलब्ध कराने के लिए कई बार मांग कर चुका हूं। लेकिन अब तक आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। मैनपुर नाहनबिरी स्थित अपने आवास में मैंने अपने खर्चे पर सुरक्षा व्यवस्था कराई है। उन्होंने कहा कि मेरे पास देवभोग में आवास की व्यवस्था नहीं है, मेरे स्वंय के रहने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मैं अपने सुरक्षाकर्मियों को कहां रखूंगा। इस मामले से कई बार प्रशासन को अवगत करा चुका हूं।