नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल, अधिकारियों की नवीन पदस्थापना
रायपुर। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्यालय सहित विभिन्न जोनों में अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को प्रशासनिक आवश्यकता एवं कार्य व्यवस्था के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आयुक्त द्वारा जारी पदस्थापना आदेश के तहत अधिकारियों को मुख्यालय तथा निगम के अलग-अलग जोनों में पदस्थ किया गया है। यह पदस्थापन आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेगा। आदेश जारी होते ही संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार पदस्थापना का उद्देश्य निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, विभिन्न जोनों में कार्यों की बेहतर निगरानी करना तथा नागरिकों से जुड़े कार्यों के त्वरित निराकरण को सुनिश्चित करना है। अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों के साथ जोन स्तर पर चल रहे विकास एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों में भी गति आने की उम्मीद है।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन करते हुए निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
