स्वतंत्रता दिवस पर CM साय के भाषण पर टिकीं निगाहें, कई बड़ी घोषणाओं की
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि अपने भाषण में मुख्यमंत्री सरकार के आगामी विजन को सामने रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और नई घोषणाओं का ऐलान कर सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस के मंच से कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव की घोषणा की संभावना भी जताई जा रही है। चर्चा है कि रायपुर के बाद बिलासपुर या दुर्ग में कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने को लेकर सरकार की ओर से संकेत मिल सकते हैं। वहीं राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली के विस्तार को लेकर भी घोषणा होने की अटकलें हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के संबोधन में युवाओं, रोजगार और कौशल विकास से जुड़े फैसलों पर भी खास फोकस रहने की उम्मीद है। प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत करने को लेकर घोषणाएं हो सकती हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर भी सरकार की ओर से कोई बड़ा ऐलान होने की संभावना चर्चा में है। शिक्षा, रोजगार, प्रशासन और तकनीकी क्षेत्र में AI के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई पहल की घोषणा कर सकती है।
फिलहाल इन संभावित घोषणाओं को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संबोधन प्रदेश के लिए कितना बड़ा रोडमैप लेकर आता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
