रेलवे स्टेशन के आसपास खाद्य विभाग की दबिश, बिना लाइसेंस चल रहा
रायपुर। रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गुरुवार को अचानक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आवश्यक लाइसेंस की जांच की।

जांच के दौरान टीम को एक बिरयानी सेंटर बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिला। नियमों का पालन नहीं होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने संबंधित बिरयानी सेंटर को तत्काल सील कर दिया।
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन के आसपास खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
