कश्मीर से आई दुखद खबर, आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत
रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की मौत हो गई। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अमानवीय और कायरतापूर्ण कृत्य बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष श्रमिकों पर किया गया यह हमला बेहद निंदनीय है और इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुरक्षा बल इस आतंकी हमले के दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाएंगे और उन्हें उनके कृत्य की कठोर सजा मिलेगी।
