आईजीकेवी छात्रावास विवाद: पीएचडी छात्र समेत साथियों पर एफआईआर,
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) में छात्रावास हादसे के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव की शिकायत पर पुलिस ने पीएचडी छात्र सुजीत सुमेर और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कुलपति सचिवालय में घुसकर हंगामा किया, कार्यालय में तोड़फोड़ की, अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से विश्वविद्यालय की छवि धूमिल करने और अधिकारियों की मानहानि करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विरोध-प्रदर्शन की आड़ में अनुशासनहीनता और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, जिसके चलते पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, छात्रावास हादसे के बाद छात्रों में नाराजगी बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि वे सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। अब पूरे मामले की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

