जर्जर स्कूल भवन से हादसे का खतरा, नई इमारत की मांग तेज
भोपालपट्टनम। नगर पंचायत भोपालपट्टनम स्थित कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की जर्जर इमारत को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन ने गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि स्कूल भवन वर्षों से बदहाल स्थिति में है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक इसके सुधार या नए भवन निर्माण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, भवन की दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं और कई हिस्सों का प्लास्टर भी उखड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों को जर्जर भवन की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययन करने आती हैं। ऐसे में जर्जर भवन कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द नए भवन के निर्माण अथवा पुराने भवन की मरम्मत कराने की मांग की है।
वहीं, अभिभावकों ने भी मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि छात्राएं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।
