‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से जुड़े दोहरे हत्याकांड का आरोपी अंबिकापुर में पुलिस को चकमा देकर फरार
अंबिकापुर। चर्चित फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से जुड़े वास्तविक घटनाक्रम के चर्चित दोहरे हत्याकांड का कुख्यात आरोपी साबिर आलम अंबिकापुर में धनबाद पुलिस के हाथ आते-आते बच निकला। वर्ष 2001 में गैंगस्टर फहीम खान की मां नजमा खातून और मौसी शहनाज खातून की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस को अंतिम समय में निराशा हाथ लगी।
जानकारी के अनुसार, धनबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा साबिर आलम अंबिकापुर में छिपा हुआ है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

साबिर आलम वर्ष 2001 में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। इस हत्याकांड में गैंगस्टर फहीम खान की मां नजमा खातून और मौसी शहनाज खातून की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला धनबाद के सबसे चर्चित गैंगवार मामलों में शामिल रहा है, जिस पर आधारित घटनाओं से प्रेरित होकर फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ भी बनाई गई थी।
फिलहाल धनबाद पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त अभियान जारी है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
