UPSC में छत्तीसगढ़ के तीन युवाओं ने मारी बाजी, प्रदेश का बढ़ाया मान
रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर से 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इस बार राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस परीक्षा में छत्तीसगढ़ के तीन युवाओं ने भी शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित अभ्यर्थियों ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
छत्तीसगढ़ के सफल अभ्यर्थी
वैभवी अग्रवाल (रायपुर) – ऑल इंडिया रैंक 35
रौनक अग्रवाल – ऑल इंडिया रैंक 772
संजय डहरिया – ऑल इंडिया रैंक 946
रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवाओं में सिविल सेवा के प्रति उत्साह बढ़ा है और उन्हें प्रेरणा मिली है।
वहीं रौनक अग्रवाल की सफलता पर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बताया जा रहा है कि रौनक ने अपनी तैयारी के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से भी मार्गदर्शन लिया था।
- गौरतलब है कि UPSC की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में मानी जाती है। हर वर्ष लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन सीमित अभ्यर्थियों का ही हो पाता है। इस वर्ष चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।

