FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़रायपुर

बीच चौराहे लड़की से छेड़छाड़ करते रहे बदमाश, पुलिस ने किया अरेस्ट

रायपुर में बेखौफ बदमाशों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। नाबालिग से छेड़छाड़ कर गलत हरकत करने का प्रयास किया गया है। बुरी नीयत से मां के सामने ही बेटी को इन बदमाशों ने छुआ और छेड़ा। आस-पास मौजूद लोग भी तमाशा देखते रहे मगर गुंडों के डर की वजह से किसी ने मदद नहीं की। हालांकि बीती रात इन्हें गिरफ्तार कर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा है।

पूरा मामला रायपुरा इलाके का है। बदमाशों ने यहां एक विधवा महिला और उसकी बेटी के साथ बदसलूकी की। जानकारी के मुताबिक महिला चौराहे के पास एक छोटा कैफे और किराना स्टोर चलाती है। बदमाश लल्लू पठान और इसका एक दोस्त इसके कैफे में आकर गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाला गोगो पेपर मांगने लगे।

काउंटर पर विधवा महिला की बेटी थी, नाबालिग ने गोगो पेपर नहीं है कह दिया, इसके बाद लल्लू पठान और उसका दोस्त लड़की से छेड़छाड़ करने लगे । मां ये देखकर विरोध करने पहुंची तो उसे पीट दिया। इसके बाद नाबालिग ने पास में रखी लाठी लेकर बदमाशों की तरफ बढ़ी तो आरोपी वहां से भाग निकले।

थाने में पुलिस ने किया टाल-मटोल
सूत्रों के मुताबिक जब इस मामले की शिकायत लेकर मां बेटी थाने गईं तो वहां कई घंटों तक इनकी रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की गई। बाद में रिपोर्ट दर्ज की गई। नाबालिग की मां ने रायपुर पुलिस के बड़े अफसरों से कार्रवाई की मांग की तो जाकर डीडी नगर थाने में केस दर्ज हुआ। शहर में इस घटना की खबर फैलने के बाद पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ एक्शन लिया।

पुराना शातिर है लल्लू पठान
पुलिस ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करने की धाराओं में केस दर्ज किया। इस कांड के बाद आरोपी शेख मुख्तार उर्फ लल्लू पठान अपने एक साथी आकाश सिन्हा उर्फ टीटू के साथ शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। इसे पचपेडी नाका के पास से गिरफ्तार किया गया। जब नाबालिग के साथ ये वारदात हुई पठान के साथ उसका दोस्त टीटू भी मौजूद था। लल्लू पठान शहर का पुराना शातिर बदमाश है गुढ़ियारी और पुरानी बस्ती थाने में इसके क्राइम का रिकॉर्ड दर्ज है। गुढ़ियारी में ये कई बार चाकू की नोक पर गैंगवार को अंजाम दे चुका है। अवैध वसूली करने के भी आरोप इस पर लगे हैं।

रायपुर में करीब दो महीने पहले भी एक 14 साल के नाबालिग ने 13 की बच्ची के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। छोटी उम्र में बड़ा कांड करने वाले नाबालिग के खिलाफ पूरे मुहल्ले में बवाल हो गया। देर रात लोगों ने खमतराई थाने का घेराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और बलात्कार की कोशिश करने वाले नाबालिग को पकड़ा।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये घटना खमतराई इलाके में बनी बस्ती की है। नाबालिग बच्ची के घर वाले काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। लड़की को घर में अकेला पाकर पड़ोस में ही रहने वाला लड़का घर में घुस गया। उसने लड़की को पकड़ा और जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा। लड़की की चीख सुनकर पड़ोस के लोग जैसे ही उसके घर आए तो वह लड़का भाग गया।

लोगों ने लड़की के परिजनों को खबर दी। आरोपी लड़का भी उसी इलाके का रहने वाला था। इसलिए लड़के के घर वालों के साथ भी विवाद हो गया। मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने FIR करने में देर की तो लड़की के पक्ष से लोग थाने में हंगामा कर दिया। बवाल बढ़ता देखकर पुलिस ने लड़के के खिलाफ केस दर्ज किया, और आरोपी लड़के को पुलिस पकड़कर थाने ले आई। इससे पहले भी लड़का, लड़की से छेड़छाड़ कर चुका था।

Admin

Reporter