छत्तीसगढ़रायपुर

विधानसभा के बजट सत्र में उठा धान खरीदी का मुद्दा, विपक्ष ने कहा- 13 हजार करोड़ की गड़बड़ी…

रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को धान खरीदी का मुद्दा उठा। विपक्ष ने काम रोको प्रस्ताव के जरिए इस पर चर्चा करने की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि उत्पादन से अधिक धान खरीदी हुई है। इससे करीब 13 हजार करोड़ का नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही धान खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विपक्ष के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इससे नाराज विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए बहिर्गमन कर दिया। 36 फीसदी की अधिक खरीद हुई: महंत नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा, सरकार ने 149.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की है। जबकि कृषि विभाग के प्रतिवेदन में 110.11 लाख मीट्रिक टन कुल उत्पादन बताया गया है। इस हिसाब से कुल उत्पादन का 36 फीसदी अधिक की खरीदी हुई है। शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस विधायकों ने धान खरीदी में गड़बड़ी के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पादन से अधिक धान खरीदी दिखाकर भ्रष्टाचार किया गया है। विधायक उमेश पटेल ने कहा, इस हिसाब से करीब 13 हजार करोड़ का अधिक धान बेचा गया है। विपक्ष के विधायकों ने कहा, किसान अपना धान नहीं बचे पाए और दूसरे राज्यों से लाकर धान बेचा गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि खरीदी में भारी भ्रष्टाचार किया गया है। विपक्ष की बातों को सुनने का बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, जिससे विपक्ष नाराज हो गया। हमारी सरकार ने बेहतर व्यवस्था की: नेताम कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, हमारी सरकार ने धान खरीदी में बेहतर व्यवस्था की है। विपक्ष के आरोप निंदनीय और आपत्तिजनक हैं। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदी में हुए भ्रष्टाचार को दबाने की कोशिश कर रही है। मंत्री को पूरे सवालों का जवाब देना चाहिए। इसके बाद नाराज विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बहिर्गमन कर गए। बजट सत्र में छाए रहे ये मुद्दे अरपा नदी: अरपा नदी में हो रहे प्रदूषण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इसके लिए डिप्टी सीएम अरुण साव ने विस्तृत कार्ययोजना बनाने की घोषणा की। अवैध शराब से मौत: लोफंदा में अवैध शराब से हुई मौतों का मुद्दा गूंजा। सत्ता पक्ष के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने बहिर्गमन कर दिया। राजस्व के लंबित मामले: इस मामले राजस्व मंत्री घिरे नजर आए। विधानसभा अध्यक्ष को कहना पड़ा वेंटिलेटर पर जाने से पहले व्यवस्था दुरुस्त कर लें। रेकी पर हंगामा- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की रेकी को लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष के विधायकों ने प्रश्नकाल में हिस्सा नहीं लिया। महतारी वंदन योजना: विपक्ष ने पेंशन लेने वाली महिलाओं को 1500 रुपए देने की मांग की। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने बहिर्गमन किया। सर्पदंश: सदन में पहली बार बिलासपुर में सर्पदंश से हुई मौत का मुद्दा उठा। सत्ता पक्ष के विधायकों ने अनुदान के लिए गिरोह के काम करने का आरोप लगाया। ईडी पर हंगामा: भूपेश बघेल के घर ईडी की छापेमारी के खिलाफ सदन में हंगामा हुआ। विपक्ष ने पूरे दिन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। भारत माला परियोजना: इस परियोजना के मुआवजा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मंत्री ने सीबीआई जांच की मांग नहीं मानी। रात में कैबिनेट में ईओडब्ल्यू से जांच करने का फैसला हुआ। धर्मांतरण: सत्ता पक्ष नहीं विदेशी फंडिंग से धर्मांतरण होने का आरोप लगाया। सदन में हंगामा हुआ। मंत्री ने मजबूत कानून बनाने की बता कहीं।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube