तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशियों को रौंदा, करीब 14 की मौत; हादसे से मचा हड़कंप
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के रेवाडीह स्थित राज इंपीरियल होटल के पास रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सड़क पर बैठे करीब 14 मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि रविवार रात बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहे एक ट्रक ने सड़क पर बैठे मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद सड़क पर मवेशियों के शव पड़े होने से यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशियों के बैठे रहने और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी को रोकने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
बसंतपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
