नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, चार युवकों पर आरोप
सरगुजा। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने चार युवक अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार, छात्रा आर्केस्ट्रा देखने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में चार युवकों ने उसे लिफ्ट देने की बात कही। आरोप है कि युवकों ने छात्रा को उसके गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद छात्रा ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद लुंड्रा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा पीड़िता के बयान के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
