मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार! 3800 से ज्यादा प्रतिबंधित दवाइयां
अंबिकापुर। शहर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने बड़ी कार्रवाई की है। सुभाषनगर स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद किया है। मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार किया गया है। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार, मेडिकल स्टोर संचालक के कब्जे से 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गई हैं। नशीली दवाओं को दुकान के पीछे बने एक कमरे में छिपाकर रखा गया था। टीम ने मौके से दवाइयों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता को मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि करने के लिए टीम ने पहले ग्राहक के माध्यम से दवाइयों की खरीदारी कराई। इसके बाद जब अवैध बिक्री की पुष्टि हुई तो आबकारी विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान दुकान के पीछे बने कमरे की तलाशी ली गई, जहां छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक को हिरासत में ले लिया।
उत्तर प्रदेश से लाता था नशीली दवाइयां
पूछताछ के दौरान आरोपी राजेश समद्दार ने कथित तौर पर नशीली दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाने की जानकारी दी है। आबकारी विभाग अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गया है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित दवाइयों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
नशे के कारोबारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की नजर ऐसे मेडिकल स्टोर और अन्य ठिकानों पर है, जहां प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री की आशंका है।
