हाइवे पर पशु देख भड़के डिप्टी सीएम, अफसरों को लगाई फटकार
रायपुर। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और मौके से ही अधिकारियों से हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण के बारे में जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलिंग वाहन लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रहा है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने तत्काल पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया और अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन, नियमित निरीक्षण तथा अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों में पेट्रोलिंग की निगरानी किस तरह की जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मार्ग में पड़ने वाले गांवों के स्थानीय लोगों के माध्यम से भी पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों और सड़क पर मौजूद पशुओं की जानकारी नियमित रूप से ली जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को लेकर उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग हर हाल में सुनिश्चित की जाए। सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि हाइवे पर बैठे पशुओं से सिर्फ गौवंश की जान को ही खतरा नहीं रहता, बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय कम दृश्यता के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में पेट्रोलिंग दल को विशेष सतर्कता के साथ लगातार मार्ग का निरीक्षण करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोलिंग दल को सड़क पर पशु दिखाई देने पर तत्काल रेस्क्यू की कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही पेट्रोलिंग व्यवस्था की नियमित निगरानी और उसकी प्रभावी समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की रक्षा के कार्य में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हाइवे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना और पशुओं को दुर्घटनाओं से बचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

