FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

दिल्ली में गूंजा छत्तीसगढ़ का गौरव, सदियों पुरानी धरोहरों ने मोहा लोगों का मन

नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत लोगों का ध्यान खींच रही है। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की करीब दो सौ साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहरों और दुर्लभ दस्तावेजों को प्रदर्शित किया गया है। इन धरोहरों को देखने के लिए मेले में पहुंच रहे लोगों में खास उत्सुकता देखी जा रही है

दिल्ली में सजी छत्तीसगढ़ की दुर्लभ धरोहर, सोने की स्याही वाली पांडुलिपि

छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित ऐतिहासिक सामग्रियों में वर्ष 1735 के कल्चुरि काल के ताम्रपत्र, रानी दुर्गावती युग की स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। ये धरोहरें प्रदेश के गौरवशाली अतीत, ऐतिहासिक परंपराओं और साहित्यिक विरासत की झलक प्रस्तुत कर रही हैं।

1735 के ताम्रपत्र में दर्ज है इतिहास

पवेलियन में प्रदर्शित 1735 के कल्चुरि कालीन ताम्रपत्र विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ताम्रपत्र प्राचीन समय में महत्वपूर्ण जानकारियों और अभिलेखों को सुरक्षित रखने का माध्यम हुआ करते थे। ऐसे दस्तावेज तत्कालीन शासन व्यवस्था, सामाजिक परिस्थितियों और ऐतिहासिक घटनाक्रम को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रानी दुर्गावती युग की स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि

प्रदर्शनी में रानी दुर्गावती युग की स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। पांडुलिपि की ऐतिहासिक और कलात्मक विशेषता इसे प्रदर्शनी की खास धरोहरों में शामिल करती है। इसके माध्यम से दर्शकों को उस दौर की लेखन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।

पंडित सुंदरलाल शर्मा की जेल पत्रिका भी प्रदर्शित

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत के साथ स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े दस्तावेजों को भी पवेलियन में स्थान दिया गया है। इनमें पंडित सुंदरलाल शर्मा की देश की पहली जेल पत्रिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यह दस्तावेज स्वतंत्रता संग्राम के दौर की वैचारिक और साहित्यिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण झलक प्रस्तुत करता है।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इन दुर्लभ धरोहरों का प्रदर्शन छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का माध्यम बन रहा है। व्यापार मेले में आने वाले लोगों को प्रदेश की कला, संस्कृति और इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube