टाटीबंध हत्याकांड में फरार आरोपी का कोर्ट में सरेंडर, वकील के वेश में पहुंचा
रायपुर। टाटीबंध इलाके में प्रेम-प्रसंग के विवाद को लेकर कार से रौंदकर परमजीत रणगण्ही की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपी वकील के वेश में न्यायालय पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आमानाका पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से हत्या की वारदात और उसके बाद फरारी को लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि टाटीबंध क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद परमजीत रणगण्ही को कार से रौंद दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भरत मंगनानी फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
आरोपी के कोर्ट में वकील के वेश में पहुंचकर सरेंडर करने से मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस रिमांड के दौरान घटना में इस्तेमाल कार, वारदात की पूरी परिस्थितियों और आरोपी के फरार रहने के दौरान किन लोगों ने उसकी मदद की, इन बिंदुओं पर भी पूछताछ कर सकती है।
