पिस्टल तानकर दी जान से मारने की धमकी, फिर चला दी गोली;
राजनांदगांव। मामूली विवाद के बाद पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी देने और गोली चलाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, दो कारतूस और करीब 12 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा XUV 700 कार बरामद की है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पूरा मामला 27 सितंबर की रात का है। शिकायतकर्ता अविनाश शेंदरे अपने दोस्तों के साथ दुर्ग से राजनांदगांव लौट रहा था। इसी दौरान खैरागढ़ रोड स्थित स्टेट स्कूल के पास काले रंग की कार में सवार आरोपियों ने उनकी कार को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी विपिन जान्वेल्स ने पिस्टल निकालकर शिकायतकर्ता पर तान दी।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने जान से खत्म करने की धमकी देते हुए पिस्टल से गोली चला दी। हालांकि, शिकायतकर्ता के साथ मौजूद दोस्तों ने समय रहते उसका हाथ ऊपर उठा दिया, जिससे गोली ऊपर की ओर चली गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना की रिपोर्ट के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और साइबर टीम आरोपियों की लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन जान्वेल्स, अमन जेम्स, शेरोन जेम्स और अफरोज खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक पिस्टल, दो कारतूस और महिंद्रा XUV 700 कार बरामद की है। जब्त कार की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
चारों आरोपियों को 7 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बरामद पिस्टल को परीक्षण के लिए आर्मोरर के पास भेजा है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में विपिन जान्वेल्स और अमन जेम्स के खिलाफ पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

