छत्तीसगढ़

ठंड के साथ चक्रवाती तूफान फेंजल का असर, एक- दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार

भिलाई। चक्रवाती तूफान फेंजल के असर से शनिवार को दुर्ग जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बन रही है। दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने इस तूफान के 30 नवंबर तक तमिलनाडु के तट पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन आएगा। इससे संभाग सहित प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। जिले के आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह कोहरा छा सकता है।

वहीं अगले कुछ दिन जिले के अधिकांश हिस्सों में दोपहर तक बादल छाए रहने की भी संभावना बनती दिख रही है। बहरहाल, शुक्रवार को दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री की बढ़ोतरी के बाद 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान अभी भी औसत से 3.6 डिग्री की गिरावट के बाद 12 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है।

मौसम विभाग के विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने कहा कि, फोरकास्ट के मुताबिक शनिवार से अधिकतम और न्यूतनम तापमान में हल्की वृद्धि होना संभावित है। शनिवार को रात की सर्द हवाएं 14 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। इसके अलावा दिन का तापमान 31.3 डिग्री तक पहुंच सकता है। 1 से 4 दिसंबर तक दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक और रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के ऊपर रहने की संभावना है।

 

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube