FEATUREDLatestNewsछत्तीसगढ़रायपुर

विकास के लिए फंड को तरसे मेयर और पार्षद! CM हाउस होने का भी नहीं मिला भिलाई-चरोदा निगम को फायदा, ठगा सा महसूस कर रहे निर्दलीय जीत कर आने वाले पार्षद

शुभम शर्मा – भिलाई | नगर पालिक निगम भिलाई- चरोदा के 40 वार्डों में छोटे-छोटे विकास काम करने के लिए केबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक गुरु रुद्र कुमार के माध्यम से नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया से 5 करोड़ रुपए मांगा गया था। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को भी दी गई थी। 6 माह से यह प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हुआ है। जिससे वार्डों में विकास कार्य अटक गए हैं। पार्षद इस बात से निराश हैं कि सरकार बदलने के बाद से उम्मीद के मुताबिक उनके वार्डों में विकास कार्य नहीं हुआ है। वे चुनाव से पहले अपने वार्डों को चकाचक कर देना चाहते हैं।

10 लाख से हर वार्ड में हो सकेगा कार्य-

नगरीय निकाय मंत्री अगर 5 करोड़ के विकास कार्य के प्रस्ताव को मंजूरी दे देते हैं, तो हर पार्षद के वार्ड में करीब 10-10 लाख से विकास के काम हो जाएंगे। यही वजह है कि हर पार्षद इस प्रस्ताव पर मुहर लगने की राह देख रहा है। कोरोना वायरस के महामारी के बीच पहले ही वार्डों में काम थम गया है।

ठगा सा महसूस कर रहे निर्दलीय जीत कर आने वाले पार्षद-

नगर पालिक निगम, भिलाई – चरोदा की 40 सीट में से 11 निर्दलीयों ने जीत दर्ज किया था। भारतीय जनता पार्टी से 16 पार्षद चुनाव जीते थे। बाद में दो पार्षद ने भाजपा में चले गए। वहीं कांग्रेस के महज 13 पार्षद चुनाव जीते थे। बाद में 9 निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। इसमें से कुछ ऐसे भी थे, जिनको टिकट पार्टी ने नहीं दिया तो निर्दलीय चुनाव लड़े। सरकार कांग्रेस की बन जाने से इन पार्षदों को उम्मीद था कि उनके वार्डों में काम नजर आएगा। सरकार बनने के बाद जब उनके वार्डों में काम के लिए अलग से कोई बजट नहीं मिल रहा है, तब वे ठगा से महसूस कर रहे हैं।

एक बार आ चुका है 5 करोड़-

इसके पहले नगर पालिक निगम, भिलाई चरोदा के अकलोरडीह, शीतला पारा, जोन-1, सिरसा कला और गनियारी क्षेत्र में विकास के लिए 5 करोड़ भेजा जा चुका है। वहां काम भी किए गए। अब दूसरे वार्ड के पार्षद भी उम्मीद कर रहे हैं कि उनके वार्डों में विकास कार्य हो सकेंगे

सीएम से मिलने की तैयारी-

नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा की मेयर चंद्रकांता मांडले अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलने का प्रयास कर रही हैं। वह विकास कार्य के संबंध में चर्चा कर उनसे बजट की आस लगाए बैठी हैं। भारतीय जनता पार्टी की टिकट से जीत कर मेयर बनी चंद्रकांता की मंशा है कि नगर पालिक निगम, भिलाई – चरोदा क्षेत्र में सीएम का निवास है, इसका लाभ स्थानीय निकाय को मिलना चाहिए। वार्डों के लोगों की मांगों के मुताबिक काम होना चाहिए।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube