143 बूथों को मजबूत करने विधायक अमर अग्रवाल ने बनाया मास्टर प्लान,
बिलासपुर। आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने बूथ स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने 143 बूथों की बैठक लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति साझा की। बैठक में उन्होंने बूथों की सक्रियता बढ़ाने, मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विधायक अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर पर सक्रियता है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सभी बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं से जुड़ने की बात कही।
मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने पर जोर
बैठक में मतदाता सूची को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपने-अपने बूथों में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सक्रियता से काम करें। जिन युवाओं की उम्र मतदान के योग्य हो गई है, उनके नाम सूची में शामिल कराने के साथ ही मतदाता सूची की त्रुटियों और छूटे हुए नामों पर भी ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाता सूची की नियमित समीक्षा करने और पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाने की आवश्यकता बताई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
हर बूथ पर सुनी जाएगी ‘मन की बात’
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर भी विशेष कार्ययोजना पर चर्चा हुई। विधायक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एक साथ बैठकर कार्यक्रम सुनें। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, सामाजिक विषयों और प्रधानमंत्री के संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की कवायद
143 बूथों की बैठक के जरिए संगठन को अधिक सक्रिय और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया। विधायक अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और बूथ स्तर पर नियमित गतिविधियां जारी रखने का आह्वान किया। बैठक में तय रणनीति के अनुसार अब कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।
