11 मवेशियों का अवैध परिवहन पकड़ा, 8 आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम। अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार वाहनों से क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जा रहे 8 भैंस और 3 पाड़ा समेत कुल 11 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त चार वाहनों को भी जब्त किया गया है। बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।


https://www.instagram.com/reel/DeOkcDTi9k7/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 6 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात ग्राम पोलमी क्षेत्र में की गई। थाना कुकदुर पुलिस को क्षेत्र में मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की और वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान चार वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक चारों वाहनों में कुल 11 मवेशी मिले, जिन्हें बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल सभी मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे चारों वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू की। बरामद मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित गौशाला में दाखिल कराया गया है।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना कुकदुर प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध पशु परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ लगातार निगरानी एवं कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

