ई-बसों के रूट से लेकर PMAY आवास तक, नगरीय प्रशासन विभाग ने तय
रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सोमवार को मंत्रालय में विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। बैठक में शहरी परिवहन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं सहित 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रमुख सचिव ने ई-बसों के संचालन के लिए जनसुविधा आधारित रूट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-बसों के रूट इस तरह निर्धारित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके और शहरों में आवागमन सुगम हो।
30 सितंबर तक PMAY आवास पूरे करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के निर्माणाधीन आवासों को लेकर भी प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट समयसीमा दी। उन्होंने 30 सितंबर तक निर्माणाधीन आवासों को पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द आवास का लाभ मिल सके।
वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं पर जोर
बैठक में कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ उससे ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं के लिए व्यवहारिक वित्तीय मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इन परियोजनाओं को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाया जा सके।
15वें वित्त आयोग के कार्यों में गैप एनालिसिस
सोनमणि बोरा ने 15वें वित्त आयोग की राशि से होने वाले कार्यों में बेहतर प्लानिंग और गैप एनालिसिस पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए जरूरत के आधार पर कार्यों की प्राथमिकता तय करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता के साथ-साथ आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
