राजधानी में देर रात चाकूबाजी से सनसनी, दो अलग-अलग वारदातों में दो युवकों
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। दोनों वारदातें डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुईं, जिनमें दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा इलाके में सामने आई। एक ही थाना क्षेत्र में हुई दो गंभीर घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने किसी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसी रात चंगोराभाठा इलाके में भी चाकूबाजी की दूसरी वारदात सामने आई। यहां भी एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। वारदातों के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की जांच की जा रही है।
एक ही थाना क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल में दो युवकों की चाकूबाजी में मौत होने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के कारणों और आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
