किरंदुल में बारिश बनी आफत, वार्ड 8 में घरों में घुसा गंदा पानी
किरंदुल। लौहनगरी किरंदुल में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते वार्ड क्रमांक 08 में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। वार्ड का बड़ा नाला पूरी तरह भर जाने के बाद गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास से रेलवे पटरी की ओर बहने लगा है। जल निकासी बाधित होने के कारण पानी आसपास के घरों के पीछे से होकर अब घरों में घुसने लगा है।

लगातार बारिश के चलते नाले में पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है। निकासी व्यवस्था प्रभावित होने से नाले का गंदा पानी रिहायशी इलाके की ओर फैल रहा है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान वार्ड में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। नाले की पर्याप्त सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या और बढ़ रही है। घरों में पानी घुसने से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से जल निकासी की तत्काल व्यवस्था करने, नाले की सफाई कराने और प्रभावित इलाकों से पानी बाहर निकालने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

फिलहाल वार्डवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के कारण घरों और आसपास के इलाके में नुकसान बढ़ने की आशंका है।
