छत्तीसगढ़

मां की जगह अनुकंपा नियुक्ति के लिए 5 साल से भटक रही बेटी, जनदर्शन में लगाई गुहार

भिलाई। नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव निपटने के बाद सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टोरेट में साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 53 लोगों ने शिकायतों व समस्याओं से संबंधित अलग-अलग फरियाद की। प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह और सुयंक्त कलेक्टर सिल्ली थामस ने समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अफसरों को दिए।

जनदर्शन में जीवनदीप समिति में कार्यरत कर्मचारियों ने समय पर वेतन दिलाने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षो से सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। मानदेय के रूप में तीन हजार रूपए ही प्राप्त होते हैं, जिससे परिवार का पालन पोषण करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। मानदेय भी दो से तीन महिने में एक बार मिलता है। मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए समय पर वेतन दिलाने की मांग कर्मियों ने की। इस पर अपर कलेक्टर ने सीएमएचओ को नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा।

पांच साल बाद भी अनुकंपा नियुक्ति नहीं

पचरीपारा दुर्ग की एक महिला ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की मांग जनदर्शन में की। उन्होंने बताया कि उनकी माता नगर निगम दुर्ग में कार्यरत थी। माता की मृत्यु होने के पश्चात अनुकंपा नियुक्ति देने का प्रावधान है। माता का देहांत हुए चार-पांच वर्ष हो चुके हैं, किंतु आज तक अनुकंपा नियुक्त प्राप्त नही हुई है। आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

चुनाव के बाद पहले जनदर्शन में 53 ने लगाई गुहार

सुंदर विहार कॉलोनी के लोगों ने मोबाइल टॉवर लगाए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में निजी कंपनी द्वारा मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, जिसका विरोध पूरी कॉलोनी द्वारा किया गया। परंतु कंपनी द्वारा नए नियम का हवाला देकर घर के बाजू में टावर लगाने का कार्य किया जा रहा है। कॉलोनी में पर्याप्त नेटवर्क होने के बावजूद जबरदस्ती टावर लगाया जा रहा है। टावर लगाकर मोबाइल कंपनी अपना टारगेट पूरा करना चाह रही है।

akhilesh

Chief Reporter